अखिलेश यादव ने कहा- बीजेपी सरकार को अगर इतना ही नफ़रत है तो..?

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर में उर्दू गेट ध्वस्त करने पर कहा कि अगर उर्दू भाषा से भाजपा सरकार को इतनी ही नफरत है तो दिल्ली में ‘मुमकिन है‘ नारे पर भी प्रतिबंध लगा देना चाहिए। वही लोग आजकल …मुमकिन है नारे का प्रयोग कर रहे हैं। अखिलेश शनिवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन

अखिलेश ने कहा, वाराणसी से कानपुर और नोएडा तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसलिए दौड़ लगा रहे हैं ताकि चुनाव से पहले पुराने कामों को नया दिखाया जा सके। भाजपा ने लोकतंत्र में नई परंपरा शुरू की है, उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास। लेकिन प्रदेश का मतदाता जानता है कि भाजपा को रोकने की ताकत सिर्फ सपा-बसपा-रालोद गठबंधन में ही है।

उन्होंने उन्नाव व कानपुर के प्रमुख कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों से चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की। कहा, भाजपा की केंद्र सरकार अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में सपा सरकार द्वारा बनाए गए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसा एक भी एक्सप्रेस-वे नहीं बना सकी।

उसकी कार्यक्षमता इतनी भी नहीं कि एक पुल भी बना सके। सपा सरकार में लखनऊ में मेट्रो परियोजना शुरू हुईं थीं। सपा सरकार बनने पर लखनऊ से उन्नाव तक मेट्रो रेल चलवाएंगे।

उन्होंने कहा, नोटबंदी के बाद जनता का धन बैंकों में जमा हुआ जिसे नीरव मोदी जैसे कारोबारी लूटकर विदेश भाग गए। किसान कर्ज से परेशान हैं। जनता को भाजपा की मार्केटिंग और ब्रांडिंग से सावधान रहना होगा। उसका स्वदेशी आंदोलन धोखा है।