भाजपा का प्रचार करने वाली क्रिस गेल की फ़र्ज़ी फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल

इन दिनों सोशल मीडिया पर क्रिस गेल की एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें उसे भाजपा का स्टार प्रचारक बताया जा रहा है।

क्रिस गेल की सोशल मीडिया पर भगवा कुर्ता पहने और उनके माथे पर तिलक लगाते हुए एक तस्वीर शेयर की गई है। जिसमें लिखा गया है कि प्रखर राष्ट्रवादी स्टार प्रचारक कृष्णा गोयल उर्फ़ क्रिस गेल भारत पहुंच चुके हैं, लोकसभा चुनाव में बीजेपी के लिए करेंगे प्रचार।

खबर का सच

बता दें कि सोशल मीडिया पर चल रही क्रिस गेल का बीजेपी के लिए प्रचार करने की खबर फर्जी है। कुछ इसी तरह की खबर अप्रैल 2018 में भी उड़ी थी, जिसमें कहा गया था कि क्रिस गेल कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। भगवा कुर्ता और माथे पर तिलक में क्रिस गेल की तस्वीर अप्रैल 2018 की है जब क्रिस गेल ने परिधान ब्रांड मान्यावर के लिए एक विज्ञापन की शूटिंग की थी।

टी20 क्रिकेट का ब्रैडमैन क्रिस गेल

कैरेबियाई क्रिकेटर क्रिस गेल को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़े छक्के मारने और ’यूनिवर्स बॉस’ के रूप में जाना जाता है। जमैका के क्रिकेटर को टी20 क्रिकेट के ब्रैडमैन के रूप में भी जाना जाता है। गेल टी20 प्रारूप में 10,000 से अधिक रन और 20 से अधिक शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। क्रिस गेल वर्तमान में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए आईपीएल 2019 में खेल रहे हैं।