ख़ुलासा- आधे घंटे में जारी हो गया था राम रहीम का पासपोर्ट!

चंडीगढ़। साध्वियों से रेप केस में 20 साल की सजा काट रहे राम रहीम को लेकर आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ऐसे ही एक खुलासे के तहत पासपोर्ट डिपार्टमेंट ने नियमों को ताक पर रखकर अंबाला में महज आधे घंटे में राम रहीम का पासपोर्ट जारी किया था।

राम रहीम ने 2015 में टोपी पहनकर पासपोर्ट के लिए फोटो खिंचवाई थी। विदेश मंत्रालय इसकी जांच कर रहा है। नियमों के अनुसार आवेदक पासपोर्ट के लिए फोटो खिंचवाते समय टोपी नहीं पहन सकता। वहीं कहा जा रहा है कि राम रहीम पर पासपोर्ट एक्ट के तहत केस दर्ज हो सकता है।

हरियाणा अौर पंचकूला पुलिस द्वारा चलाए सर्च अभियान में उन्हें राम रहीम के दो पासपोर्ट मिले थे। एक पासपोर्ट जिसमें 2015 में उन्होंने टोपी पहनकर फोटो खिंचवाई थी। वहीं दूसरा 2017 में जारी करवाया था, इस बार राम रहीम ने सिर पर टोपी नहीं पहनी थी।

लेकिन इस पासपोर्ट में डेरा प्रमुख ने अपना नाम संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां लिखवाया था। जबकि नियमों के अनुसार किसी के भी नाम के आगे संत, डॉक्टर, प्रोफेसर आदि नहीं लगा सकते।

अंबाला से आधे घंटे में जारी हुआ यह पासपोर्ट आमतौर पर चंडीगढ़ ऑफिस से ही जारी होता है क्योंकि इसकी प्रिंटिंग, लेमिनेशन सब कुछ यहीं होता है।