ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा को एक और झटका, संयुक्त राष्ट्र ने बैन लिस्ट में डाला!

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अमेरिकी हमले में मारे गए अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन का नाम अपनी प्रतिबंध सूची में डाल दिया है। इस सूची में शामिल किए जाने के बाद अब हमजा पर यात्रा प्रतिबंध लग जाएगा, उसकी संपत्तियां जब्त हो जाएंगी और हथियारों की खरीद फरोख्त पर रोक लग जाएगी।

हमजा को अलकायदा के मौजूदा सरगना अयमान अल जवाहिरी के ‘‘सबसे संभावित उत्तराधिकारी’’ के रूप में देखा जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 आईएसआईएस एवं अलकायदा प्रतिबंध समिति ने बृहस्पतिवार को 29 वर्षीय हमजा के नाम को सूची में डाल दिया।

इसी दिन, अमेरिका ने हमजा के संबंध में सूचना देने वाले को 10 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की। सऊदी अरब ने भी शुक्रवार को घोषणा की कि उसने हमजा की नागरिकता रद्द कर दी है।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, सुरक्षा परिषद ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अल जवाहिरी ने घोषणा की है कि सऊदी अरब में जन्मा हमजा अलकायदा का एक आधिकारिक सदस्य है।

परिषद ने कहा कि हमजा ने ‘‘अलकायदा के सदस्यों से आतंकवादी हमले करने का आह्वान किया है। उसे अल जवाहिरी के सबसे संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है’’।