कल से शुरू हो रही हज यात्रा के लिए मीना में स्लीपिंग पॉड का इंतजाम करवा रहा सऊदी अरब

जापान के कैप्सूल होटलों की तर्ज पर सऊदी अरब ने कल से शुरू हो रहे हज में शामिल होने वाले तीर्थयात्रियों के लिए स्पीपिंग पॉड का इंतजाम किया है। सऊदी अरब की परमार्थ संस्था ‘हाजी एंड मुतमेर गिफ्ट चैरिटेबल एसोसिएशन’ के प्रमुख मंसूर अल-आमेर ने इन स्लीपिंग पॉड्स का अनावरण किया।

कल से शुरू हो रही छह दिन की हज यात्रा के लिए पश्चिमी शहर मीना में ऐसे स्लीपिंग पॉड लगाए जा रहे हैं। हज पर आने वाले लोग इन पॉड में निशुल्क आराम कर सकते हैं। हज के अवसर पर मीना शहर में करीब 20 लाख मुसलमानों के जुटने की संभावना है। अल-आमेर ने बताया कि उनकी संस्था 18 से 24 कैप्सूल लगाने की सोच रही है। फाइबर ग्लास से बने इन स्लीपिंग पॉड्स की लंबाई तीन मीटर से भी कम है और ऊंचाई करीब एक मीटर है। इसमें एक गद्दा, चादर, एसी और बड़ा सा आईना लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि एक तीर्थयात्री को पॉड में तीन घंटे तक आराम करने की अनुमति होगी। यह सभी पॉड जापान से आयात किये गये हैं। प्रत्येक पॉड की कीमत करीब 1,114 डॉलर है।

बता दें कि हज की प्रक्रिया में से कुछ प्रक्रियाएं मीना शहर में की जाती हैं। ये शहर पश्चिमी सऊदी अरब के मक्का के पड़ोस में स्थित है। यह मक्का से पांच किलोमीटर पूर्व में स्थित है। मीना, मक्का शहर के मध्य से अराफात की पहाड़ियों पर जाने वाले मार्ग के किनारे बसा है। मीना में कई और कामों के साथ एक मशहूर रिवाज शैतान को पत्थर मारने की रस्म पूरी की जाती है। इस दौरान पहली रात मीना की घाटी में बिताई जाती है। इसके लिए स्लीपिंग पॉड का इंतेजाम किया गया है।

सउदी अरब प्रशासन ने बताया कि इस साल रविवार से शुरू हो रही हज यात्रा के लिए 16 लाख से ज्यादा लोग मक्का पहुंच चुके हैं। हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है और ये उन सभी के लिए जरूरी है जो आर्थिक और शारीरिक रूप से सक्षम हैं।