कोलकाता में शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा संपन्न, कल शाम तक 400 प्रतिमाओं का किया गया विसर्जन

कोलकाता। प्रतिमाओं के शांतिपूर्वक विसर्जन के साथ पांच दिनों से चला आ रहा दूर्गा पूजा उत्सव शनिवार को समाप्त हो गया। शहर में कल शाम छह बजे तक दुर्गा की करीब 400 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गयाा।

कोलकाता पुलिस के मुताबिक शहर में शाम छह बजे तक दुर्गा की करीब 400 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया और कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

शाम छह बजे तक 1000 प्रतिमाओं के विसर्जन का कार्यक्रम था। हुगली नदी के विभिन्न घाटों पर और पश्चिम बंगाल के अन्य जलाशयों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

पुलिस के अलावा, राज्य नागरिक सेवा, नगर निकाय, कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट और नदी परिवहन पुलिस को भी निगरानी के लिए तैनात किया गया था। साथ ही स्पीड बोट के जरिए निगरानी रखी गयी।

इस अवसर पर लोग विजय दशमी की बधाई देते भी नजर आये। बडे पूजा स्थलों में देशप्रिय पार्क की प्रतिमाओं का कल विसर्जन का कार्यक्रम था, जबकि शेष स्थानों की प्रतिमाएं दो अक्तूबर और चार अक्तूबर को विसर्जित किये जाने का कार्यक्रम है।