UP चुनाव में राजनाथ सिंह को अपना चेहरा बना सकती है BJP

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को अपना चेहरा बना सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अगले साल होने वाले चुनावों के लिए राजनाथ को उत्‍तर प्रदेश में प्रचार के लिए बड़ी जिम्‍मेदारी दी जा सकती है।

राजनाथ को चेहरा बनाकर भाजपा सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह और बसपा प्रमुख मायावती से टक्‍कर लेने की सोच रही है। हालांकि अभी इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं आया है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस बारे में राजनाथ से पूछा गया है उनके हामी भरने के बाद ही फैसला किया जाएगा।

राजनाथ सिंह उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री रह चुके हैं। उन्‍हें भाजपा का उदार चेहरा माना जाता है और मुसलमानों में भी उनकी पैठ है। हालांकि राजनाथ फिर से यूपी की राजनीति में जाने के इच्‍छुक नहीं हैं। पार्टी सूत्रों का अनुसार राजनाथ को केवल प्रचार का अगुवा बनाया जा सकता है। सीएम पद के लिए फैसला सर्वसम्‍मति होने पर ही लिया जाएगा।

राजनाथ सिंह राजपूत नेता है और उन्‍हें बड़ा पद मिलने से भाजपा को आशंका है कि ब्राह्मण नाराज हो सकते हैं। उत्‍तर प्रदेश की राजनीति में जातियों की भूमिका काफी अहम है। इसके चलते भाजपा फूंक-फूंककर कदम रख रही है। इलाहाबाद में होने वाली नेशनल एग्‍जीक्‍यूटिव की बैठक में इस संबंध में विस्‍तार से चर्चा होगी।