जर्मनी: इस पुरुष नर्स ने घातक इंजेक्शन दे कर 100 लोगों को मौत के घाट उतार दिया!

जर्मनी में एक पुरुष नर्स ने 100 मरीजों की हत्या करने का जुर्म अदालत में कबूल किया है। इस नर्स ने घातक इंजेक्शन दे कर 100 लोगों की जान ले ली। उसे विश्व युद्धों के बाद के दौर का सबसे खतरनाक सीरियल किलर कहा जा रहा है।

41 साल का नील्स होएगेल इन मरीजों को बचा कर खुद को सुपरहीरो साबित करना चाहता था। होएगेल से जब जज ने पूछा कि क्या उस पर लगाए गए आरोप सही हैं तो उसने ‘हां’ में जवाब दिया।

इसके साथ ही उसने कहा, “वह सब जो मैंने स्वीकार किया है, सही है। अदालत में होएगेल जब पुलिस और अपने वकील के साथ आया, तो उसने अपना चेहरा नीले रंग के प्लास्टिक फोल्डर से छिपा रखा था।

होएगेल को 2015 में घातक इंजेक्शन दे कर दो मरीजों की हत्या करने का दोषी माना गया और उसे 15 साल के जेल की सजा हुई। इस साल जनवरी में अभियोजकों ने उसके खिलाफ 97 लोगों की हत्या करने का नया आरोप लगाया। कोर्ट की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि अब यह संख्या 100 तक पहुंच चुकी है।

जांच अधिकारियों का कहा है कि होएगेल के हाथों मारे गए लोगों की संख्या 200 से ऊपर भी जा सकती है। हालांकि उन्हें यह भी डर है कि शायद वे असल संख्या नहीं जान पाएंगे क्योंकि बहुत से संभावित पीड़ितों के शव का अंतिम संस्कार हो चुका है।

ऐसा लगता है कि होएगेल ने हर बार एक ही तरह से लोगों की जान ली। वह पहले ऐसा इंजेक्शन देता था जिससे दिल का दौरा पड़े। उसके बाद वह उन्हें बचाने की कोशिश करता था जो लगभग हर बार नाकाम रहती थी।

अभियोजकों का कहना है कि उसके अंदर खुद को महान दिखाने की महत्वाकांक्षा थी। वह दुनिया को दिखाना चाहता था कि वह इंसानों की जान बचाने में माहिर है। उसकी हरकतों के शिकार हुए लोगों में 34 से 96 साल के लोग हैं।

होएगेल के जुर्म कबूल करने के बाद भी उस पर मुकदमा चलता रहेगा। पीड़ित परिवारों को उम्मीद है कि अभी इस अपराध से जुड़ी और भी जानकारियां सामने आएंगी। फ्रांक ब्रिंकर्स के पिता की मौत होएगेल के जरूरत से ज्यादा दवा देने के कारण हुई थी।

ब्रिंकर्स ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, “हम चाहते हैं कि उसे ऐसी सजा मिले जिसका वह हकदार है। जब यह मुकदमा खत्म हो जाएगा तो हम सब कुछ पीछे छोड़ देंगे और हमारे लिए सब खत्म हो जाएगा।