पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों को रोकने के लिए ममता बनर्जी को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा- अमित शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ ‘‘ हिंसा भड़काने ’’ के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने आज कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का बलिदान बेकार नहीं जायेगा और पार्टी 2019 में राज्य की 42 में से 22 लोकसभा सीटें जीतेगी।

शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि अगर बंगाल की जनता बांग्लादेश से घुसपैठियों का आना रोकना चाहती है तो उसे ममता नीत तृणमूल कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।

भाजपा अध्यक्ष ने राज्य में हिंसा भड़काने के लिये राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग रवींद्र संगीत सुना करते थे, वे अब बमों की आवाज सुनते हैं।

उन्होंने कहा कि हिंसा कभी बंगाल की संस्कृति नहीं रही। यह गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसी महान हस्तियों का राज्य है। आप सब देख सकते हैं कि ममता ने इस राज्य के साथ क्या किया है।

इससे पहले शाह ने कथित रूप से राजनीतिक हिंसा में मारे गये भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शाह कहा कि हाल ही में हमारी पार्टी के 20 से अधिक कार्यकर्ता राज्य में मारे गये। यह बलिदान बेकार नहीं जायेगा। मैं ममता बनर्जी को चुनौती देता हूं कि हम आगामी दिनों में आपको सत्ता से बाहर कर देंगे।