पायलट पर हमले से ही भड़का था कारगिल युद्ध, इस बार क्या होगा?

नई दिल्ली : एयरफोर्स के पायलट अभिनंदन को अपने कब्जे में लेने के बाद पाक और भी स्थिति बिगड़ती हुई देख रहा है। शीर्ष अधिकारियों के अनुसार, अगर पाकिस्तान ने पायलट अभिनंदन के साथ कुछ भी गलत किया, तो वह ‘अजय आहुजा मोमेंट’ होगा, जिसके बाद भारत ने 1999 में करगिल युद्ध में पाकिस्तान को धूल चटा दी थी।

1999 में एयरफोर्स के अधिकारी अजय आहुजा के जहाज को पाकिस्तान ने मिसाइल से तब मारा था, जब वह अपने देश के अंदर ही थे। करगिल युद्ध के भड़कने के पीछे यह सबसे अहम कारण बना था। अजय आहुजा करगिल युद्ध से ठीक पहले 27 मई 1999 को गायब हो गए थे। वह उस ऑपरेशन का अहम हिस्सा थे, जिसमें उस इलाके में पाकिस्तानी सेना का मूवमेंट पता लगाना था। अजय आहूजा इस ऑपरेशन में फ्लाइट कमांडर थे। जब वह पाक सेना के मूवमेंट का पता लगा रहे थे, तब उन्हें सूचना मिली कि उनके दूसरे साथी अपने मिग विमान में आग लगने के बाद कूद गए।

अपने साथियों को पता लगाने के लिए वह पाकिस्तान की सीमा में कुछ दूर तक चले गए। इसी दौरान एक मिसाइल उनके जहाज पर लगी और वह वहीं कूद गए थे। इसके बाद उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया था। बाद में खबर आई कि उन्हें पाकिस्तानी सेना ने पकड़ कर गोली मार दी। यह साफ तौर पर यूएन के जिनेवा समझौते का उल्लंघन था। बाद में पाकिस्तान की यही गलती उस पर बहुत भारी पड़ी थी।

क्या इस बार सबक सीखेगा पाक

भारत का मानना है कि इस बार भी पायलट को जिस तरह पकड़ा गया, वह पूरी तरह गलत है। भारतीय रणनीति के अनुसार, विदेश मंत्रालय भारत में पाकिस्तानी राजदूत के जरिए एक डेडलाइन देगा, जिसके अंदर वह अपने पायलट की वापसी मांगेगा। इस बीच, भारत तमाम देशों को इस बारे में सबूतों के साथ जानकारी देगा। इसके बाद भी अगर पाकिस्तान कार्रवाई नहीं करता है, तो भारत कुछ बड़े कदम उठा सकता है। भारत इसके लिए कितने दिन देगा, इस बारे में शीर्ष स्तर पर तय किया जाएगा।

घटना के बारे में चीन में मौजूद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी जानकारी दी गई। वह चीन को भी इस घटना के बारे में बताएंगी। भारत की साफ मंशा है कि वह विश्व समुदाय को लेकर ही पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करेगा। अभिनंदन को पाकिस्तान द्वारा पकड़ने के बाद देश के अंदर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। इससे भी भारत सरकार की चिंता बढ़ी है। सूत्रों के अनुसार, देश के अंदर तीखी प्रतिक्रिया और उनके साथ हुई मारपीट का विडियो वायरल होने के बाद भारत ने दबाव बनाकर पाकिस्तान से उनके बेहतर होने के बारे में रिपोर्ट देने को कहा, जो देर शाम विडियो के रूप में सामने आया।

(साभार: नवभारत टाइम्स)