भारत को मिली जीत दलितों के छिने आशियाने, 18 हुए घायल

dalit

रविवार रात विश्वकप में भारत को मिली जीत के जश्न ने बलिया में खूनी रंग ले लिया। यहां जश्न मना रहे दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में नौ दलितों के मकानों को आग लगा दी गई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 18 लोग घायल हुए हैं।

बलिया के SP मनोज कुमार झा ने बताया कि T20 विश्वकप में भारत की जीत के बाद शिवपुर दियर के ब्राहमण टोला में आधी रात कुछ लोग पटाखे चलाकर जश्न मना रहे थे। इस दौरान दलित वर्ग के कुछ लोगों ने उन्हें यह कहकर पटाखे चलाने से मना किया कि इससे उनकी झोपड़ियों में आग लगने का खतरा है।

उन्होंने बताया कि इससे दूसरे वर्ग के लोग भड़क गये और उन्होंने दलितों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद उन लोगों ने हवा में गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दलित वर्ग के नौ परिवारों की कथित तौर पर झोपड़ियां जला दी गईं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। एक घायल संतोष गोंड के हाथ में गोली लगी है जिसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है। झा ने बताया कि पीड़ित भरत गोंड की तहरीर पर इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करके उनमें से नौ को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद भी है।

सौजन्य –लाइवइंडियाहिंदी.कॉम