मध्य प्रदेश: धार्मिक स्थल पर विस्फोट के आरोप में लोकेश रगुनाथ नामक युवक गिरफ्तार

गुरुवार को मध्य प्रदेश पुलिस ने धार जिले में विवादित भोजशाला पर बम धमाके के सम्बन्ध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस बम धमाके के लिए भड़काने के कथित आरोपी पुजारी की तलाश अभी जारी है। हालाँकि इस बम धमाके में किसी के घायल होने की खबर नहीं हैं।

इस धार्मिक स्थल पर हिन्दू और मुसलमान दोनों अपना हक जताते हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इस धार्मिक स्थल पर हिन्दुओं को मंगलवार और बसंत पंचमी पर पूजा की अनुमति दी हुयी है साथ ही मुसलमानों को भी शुक्रवार को यहाँ नमाज़ पढने की अनुमति है।

25 वर्षीय लोकेश रगुनाथ परमार ने गिरफ्तार होने के बाद बताया कि उसे पंचमुखी मंदिर के पुजारी सोमनाथ बाबा ने इस धमाके को करने के लिए कहा था। यह धमाका करने के बाद उसे बाबा से इंदौर स्टेशन पर मिलना था।

एसपी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि धमाके का मुख्य उद्देश्य जान माल को नुक्सान पहुँचाना नहीं बल्कि सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ना था।