खुशखबरी! छह जून को केरल आएगा मॉनसून, हल्की बारिश शुरू होने के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक आगामी छह जून को
मॉनसून केरल तट पर पहुंच सकता है। हालांकि शुरुआती 10 दिनों में मॉनसूनी बारिश सामान्‍य से कम रह सकती है। इस साल केरल में मॉनसूनी बारिश देरी से होने के आसार हैं, जिसका असर पूरे देश पर पड़ेगा। वर्ष 1954 के बाद इस साल पहली बार मॉनसून पूर्व बारिश भी सबसे कम 99 मिलीमीटर हुई है।

मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, ‘मॉनसून आने के बाद उसकी रफ्तार धीमी रह सकती है। अनुमानों के मुताबिक 10 जून के बाद मॉनसून जोर पकड़ सकता है। इसलिए जून के शुरुआती 10 दिनों में मॉनसूनी बारिश के कम रहने के आसार हैं। यही नहीं अनुमान के अनुसार केरल में मॉनसून कुछ दिन देरी से आएगा। हालांकि मॉनसून तेजी से बदलता है, लेकिन अगर पश्चिमी तट पर उसकी प्रगति तेज रही तो मॉनसून आने में ज्‍यादा देरी नहीं होगी।’

स्‍काईमेट वेदर सर्विस के मुख्‍य मौसम वैज्ञानिक महेश पालावत ने बताया कि मॉनसून के जोर पकड़ने के लिए यह जरूरी है कि पश्चिमी हवाएं दक्षिण पूर्व अरब सागर में डिवेलप हों जो अभी तक नहीं हो रहा है। इसलिए केरल में सात जून तक मॉनसून आ सकता है। मॉनसून के आने के बाद उसकी प्रगति बहुत धीमी रह सकती है, इसलिए हम जून के पहले पखवाड़े में ज्‍यादा बारिश की संभावना नहीं है।