योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास के लिए 350 करोड़ का किया ऐलान

अयोध्या। राम की नगरी अयोध्या में मुख्यमंत्री बनने के बाद आज पहली बार योगी आदित्यनाथ यहां आए है और आते ही सियासी निहितार्थ निकाले जाने लगे हैं। इस बीच उन्होंने अयोध्या के लिए 350 करोड़ की योजनाओं की घोषणा कर विकास की नींव भी रख दी है।

बता दें विवादित ढांचा विध्वंस के बाद अयोध्या जाकर रामलला का दर्शन करने वाले योगी दूसरे मुख्यमंत्री हैं। 15 वर्ष पहले 2002 में राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए रामलला के दर्शन किए थे।

मिशन 2019 में फिर प्रचंड बहुमत से मोदी की सरकार बनाने में जुटी भाजपा और राज्य सरकार के लिए अयोध्या भी एक माध्यम है। सरकार सिर्फ मंदिर मुद्दे पर ही नहीं बल्कि वहां के विकास को लेकर भी सक्रिय है।

सीएम योगी ने राम की नगरी अयोध्या को भी नगर निगम का दर्जा देकर अयोध्या के विकास का संकेत दिया है। इस दौरान योगी ने कहा कि मैं आप सबकी भावनाओं को जानता हूं कि आप क्या जानना चाहते हैं।

अयोध्या विवाद का हल बातचीत से निकाला जाए तो यूपी सरकार लोगों के साथ है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी यह अपील की थी। आगे उन्होंने कहा कि लखनऊ में कई मुस्ल‍िम संगठनों ने राम जन्मभूमि हिंदू समाज को सौंपने की पहल की है।

यह बात मुझे बहुत अच्छी लगी। जो लोग देश का विकास नहीं चाहते वो लोग एकता में बाधा पैदा करने की कोशिश करेंगे।