लोकसभा चुनाव के लिए NDA में आज हो सकता है सीटों का ऐलान

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटकों में बिहार की सीटों के बंटवारे पर आज (रविवार) मुहर लगेगी। दो दिनों तक मंथन के बाद इस पर सहमति बन गई है। बीजेपी व जद (यू) पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि दोनों दल बराबर बराबर सीट पर चुनाव लड़ेंगे। दोनों के हिस्से आने वाली सीट के अलावा बाकी सीट लोजपा को जाएंगी। इस फॉर्मूले बीजेपी व जद (यू) को 17-17 लोजपा के हिस्से में छह सीट जानी है।

यह फार्मूला भी संभव 

लोजपा अपने अध्यक्ष रामविलास पासवान के लिए राज्यसभा की एक सीट मांग रही है। इसके अलावा जनाधार का हवाला देकर वह उत्तर प्रदेश में भी सीटें चाहती है। ऐसे में एक संभावना यह भी बनती है कि भाजपा उसके सामने यह प्रस्ताव रख सकती है कि राज्यसभा सीट और उत्तर प्रदेश में सीट लेने के लिए अपनी दो-एक सीटें बिहार में छोड़े। चूंकि भाजपा अपने हिस्से की राज्यसभा सीट देगी, इसलिए एक लोकसभा सीट उसके हिस्से में बढ़ सकती हैं।

सीटों में बदलाव होगा 

कुल मिलाकर नए तालमेल में सभी दलों की पिछली बार लड़ी सीटों में बदलाव होगा। इसमें लोजपा की भी दो सीटें बदल सकती हैं। भाजपा व जदयू की कई सीटों में बदलाव होगा। उधर, शनिवार को दिल्ली में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गतिविधियां दिनभर बनी रहीं। दोपहर में वे 5 अशोका रोड में अंजनी कुमार सिंह की पुत्री अपूर्वा सृष्टि के शादी समारोह में शामिल हुए।

शाम को अपने सरकारी आवास 6, कामराज लेन पर उन्होंने राजस्थान और नार्थ-इस्ट के राज्यों से आए जदयू के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। जदयू प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, संजय झा, केसी त्यागी और आफाक अहमद आदि संग विचार-विमर्श भी किया।

दरभंगा जाएंगे नीतीश व सुरेश प्रभु : जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार अब सोमवार को केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु के साथ हवाई मार्ग से पटना पहुंचेंगे और दोनों नेता सीधे दरभंगा जायेंगे, जहां दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री विमान सेवा के लिए रनवे का शिलान्यास करेंगे। .

अमित शाह के आवास पर होगी बैठक

लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान दिल्ली से बाहर थे, इसलिए शनिवार को सीटों को लेकर होने वाली घोषणा को एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। पासवान के रविवार दोपहर ग्यारह बजे के बाद दिल्ली पहुंचने की संभावना है। इसके बाद ही तीनों दलों के नेताओं की अमित शाह के आवास पर बैठक होगी। इसके बाद सीटों के तालमेल की घोषणा कर दी जाएगी।