विदेशों में भारत के हिंदुओं को नीचा दिखा रही प्रियंका चोपड़ा, देशद्रोह का केस दर्ज हो- अम्मू

हरियाणा भाजपा के पूर्व नेता व श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के महामंत्री सूरजपाल अम्मू ने अब बॉलीवुड स्टार प्रियंका चोपड़ा को निशाने पर लिया है। इस विवाद की वजह है प्रियंका चोपड़ा का अमेरिकी शो ‘क्वांटिको – द ब्लड ऑफ रोमियो’ है। इस शो के एक एपिसोड के सीन में एक हिंदू को बतौर आतंकवादी दिखाया गया है।
‘प्रियंका के डीनए की हो जांच’
सूरजपाल अम्मू ने प्रियंका चोपड़ा और उनके इस शो को कठघरे में खड़ा करते हुए उनके ख्रिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। अम्मू ने तो यहां तक कह डाला कि भारतीय फिल्मों के जरिये दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका चोपड़ा के एक पूर्व सैनिक की बेटी होने पर भी शक है। उनके डीएनए की जांच कराई जानी चाहिए।
यहां आपको बताना ज़रूरी है कि प्रियंका चोपड़ा का हरियाणा के अंबाला ज़िले से भी ताल्लुक रहा है। सेना में बतौर डॉक्‍टर उनके पिता काफी समय तक अंबाला छावनी में कार्यरत रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बवाल
प्रियंका चोपड़ा ‘क्वांटिको – द ब्लड ऑफ रोमियो’ शो में एलेक्स पैरिश का किरदार निभा रही हैं, जो एफबीआई एजेंट हैं। ये एपिसोड 1 जून को दिखाया गया था। इस एपिसोड में दिखाया गया कि भारत-पाक में शांति वार्ता होने जा रही है।

इससे पहले न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में परमाणु आतंकी हमले की साजिश का पता चलता है। इस हमले के शक के संदेह में एक शख्स को पकड़ा जाता है। इस संदिग्ध शख्स के पास से रुद्राक्ष की माला मिलती है, जिसके बाद प्रियंका कहती हैं कि इंडियन नेशनलिस्ट हैं जो हमले के जरिये पाकिस्तान को बदनाम करना चाहते हैं। इसके बाद से ही प्रियंका चोपड़ा सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गई हैं।

प्रियंका और निर्माता ने मांगी है माफी
‘क्वांटिको – द ब्लड ऑफ रोमियो’ शो के निर्माता ने हालांकि माफी मांगते हुए इस एपीसोड में प्रियंका चोपड़ा का कोई हाथ नहीं होने की सफाई दे दी है, मगर सूरजपाल अम्मू इस मामले पर बयानबाजी जारी रखे हुए हैं।

प्रियंका ने ट्वीट कर इस मामले में माफी मांग ली है लेकिन अम्मू आरोप लगा रहे हैं कि प्रियंका चोपड़ा का पाकिस्तान के प्रति नरम दृष्टिकोण और हिंदुस्तान के प्रति नकारात्मक रवैया काफी कुछ कह रहा है। प्रियंका को ये स्पष्ट करना चाहिए कि उनके ऊपर दाऊद इब्राहिम का दबाव है या फिर उन्हें किसी पाकिस्तानी ने ऐसा शो करने के लिए कहा था।