अदनान सामी ने सर्जिकल स्ट्राइक का किया समर्थन तो पाकिस्‍तानियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोला

नई दिल्ली। मशहूर गायक अदनान सामी सर्जिकल स्ट्राइक के लिए भारतीय सेना का समर्थन कर बुरी तरह फंस गए हैं। इसके लिए उनकी पाकिस्तानी खूब ले दे कर रहे हैं। वहां के एक कलाकार ने ट्वीट कर कहा है कि पहली बार उन्होंने युद्ध उन्मादी कलाकार देखा है। ऐसे ट्वीट से अदनान सामी बेहद निराश है।
    याद रहे, पाकिस्तानी गायक सामी भारतीय नागरिकता ले चुके हैं। उन्होंने ट्वीट कर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के लिए तारीफ की है। इसके बाद से पाकिस्तानियों ने उनके खिलाफ ट्वीटर वार शुरू कर दिया है। अदनान ने अपने ट्वीट में लिखा, हमारे बहादुर जवानों के आतंकवादियों के खिलाफ एक शानदार, कामयाब और परिपक्व हमले के लिए उन्हें बहुत बधाई।
इस ट्वीट के सामने आते ही हंगामा खड़ा हो गया। पाकिस्तान के लोगों को अदनान सामी का भारतीय सेना का समर्थन करना रास नहीं आया। वो भी तब जब उन्होंने अपने ट्वीट में कहीं भी पाकिस्तान का नाम नहीं लिया था। लेकिन वह सोशल मीडिया पर पाकिस्‍तानियों के निशाने पर आ गए। लोगों ने उनके खिलाफ जमकर ट्वीट किए। पाकिस्तान के मशहूर कलाकार सलमान अहमद ने उनका विरोध करते हुए लिखा कि कभी सोचा नहीं था कि एक संगीतकार भी युद्धोन्मादी बन जाएगा। यह कला और संगीत के लिए एक काला दिन है। तमाम ट्वीट पर चुप रहने वाले अदनान सामी ने इसके जवाब में लिखा कि उन्होंने किसी देश के खिलाफ नहीं आतंकवादियों के खिलाफ अपनी राय रखी है। लेकिन उन्हें तकलीफ है कि पाकिस्तान के लोग आतंकवाद और खुद को इससे जोड़ रहे हैं। हालांकि पाकिस्तानियों द्वारा अदनान सामी के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद भारत में उनके समर्थकों ने भी मोर्चा संभाल लिया। अदनान और भारतीय सेना के पक्ष में जमकर ट्वीट्स किए गए।