अमेरिका में भारतीय डॉक्टर को मिली जान से मारने की धमकी

वॉशिंगटन। अमरीका के इंडियाना में भारतीय मूल के एक सिख डॉक्टर को जान से मारने की धमकी मिली है। सिख को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी है।

गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद अमरीका में भारतीयों के खिलाफ नस्लीय हमलों के तादाद में इजाफा आया है। हाल ही के महीनों में कई भारतीयों की हत्या हो चुकी है और कई पर जानलेवा हमले हो चुके हैं।

इंडियाना स्थित मोनरो हॉस्पिटल में डॉक्टर अमनदीप सिंह को हाल में अज्ञात व्यक्ति ने उनके फोन पर टेक्स्ट संदेश के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी है।

उन्होंने बताया कि धमकी देने वाले ने कई लोगों को मारने का दावा किया था। इसके साथ ही जिस फोन से मैसेज आया उसके मालिक को भी मारने का दावा किया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फोन का मालिक जीवित है। उसके नंबर को हैक कर लिया था।

सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच नस्ली कारण से प्रेरित झूठी धमकी के तौर पर कर रही है। भारत से स्नातक करने के बाद साल 2003 से सिंह अमरीका में रह रहे हैं। तीन साल पहले वो मोरेनो हॉस्पिटल में एक प्रशासनिक पद पर इंडियाना आए।