आखरी चरण का चुनाव: आठ राज्यों की 59 सीटों पर आज थम जायेगा प्रचार!

लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के लिए चुनावी शोर आज शाम थम जाएगा। अंतिम दिन सारी पार्टियां रैली और रोड शो के जरिए आज अपनी पूरी ताकत झोंकेंगी। आखिरी चरण में 8 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी सीट भी शामिल है।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, इस चरण में उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की 8, पश्चिम बंगाल की 9, पंजाब की 13, मध्य प्रदेश की 8, झारखंड की 3, हिमाचल प्रदेश की 4 और चंडीगढ़ की एक सीट पर मतदान होगा।

प्रचार के आखिरी दिन पीएम मोदी मध्य प्रदेश के रण में उतरेंगे। मोदी आज खरगौन में रैली को संबोधित करेंगे जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश के सोलन में चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज फिर यूपी पहुंचेंगी। प्रियंका का मिर्जापुर और कुशीनगर में रोड शो है।