आप ने जींद से शुरू किया किसान आंदोलन

जींद: हरियाणा की मौजूदा भाजपा सरकार पर किसान हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने बुधवार को जींद से किसान आंदोलन की शुरूआत कर दी। आम आदमी पार्टी ने किसान की समस्याओं को लेकर प्रदेश में अभियान चलाने का ऐलान किया है।

आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने आज यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव से पहले किसानों के साथ स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा किया था। इसके लिए भाजपा नेताओं ने स}ाा में आने से पहले हरियाणा में प्रदर्शन भी किया था लेकिन स}ाा में आने के बाद इस मुद्दे को भूल गई। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के हजारों किसानों का चीनी मिलों की तरफ करोड़ों रूपए बकाया खड़ा है और सरकार चुप है।

नवीन जयहिंद की अगुवाई में शहर में सरकार के विरोध में प्रदर्शन भी किया। इसके बाद आप नेताओं ने लघु सचिवालय जाकर मुख्यमंत्री के नाम जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन भी दिया।

आप नेता ने केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ही यहां के लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। यहां के लोगों के हितों को कभी कांग्रेस तथा कभी भाजपा के पास गिरवीं रखकर अपने निजी हितों की राजनीति की है। विकास की दृष्टि से जींद जिला आज भी पिछड़ेपन का शिकार है। इसके लिए सीधे तौर पर बीरेंद्र सिंह जिम्मेदार हैं।

(भाषा)