उन्नाव गैंगरेप: आरोपी बीजेपी विधायक का भाई जेल में बैठकर गवाहों को धमका रहा है- पीड़ित परिवार

उन्नाव गैंगरेप पीड़ित के चाचा ने यूपी पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। पीड़ित के चाचा ने कहा है कि विधायक का भाई अतुल सिंह जेल में बैठकर गवाहों को धमका रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेलकर्मी अतुल सिंह की मदद कर रहे हैं। अतुल सिंह जेल से अपने गुर्गों से बात कर रहा है।

इस बीच आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की राजदार शशि सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। माना जा रहा है कि राजदार की गिरफ्तारी के बाद गैंगरेप केस के कई बड़े राज का खुलासा हो सकता है।

सीबीआई ने कल उन्नाव केस में दूसरी गिरफ्तारी की। जांच एजेंसी ने शशि सिंह नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया जिस पर घटना के दिन पीड़िता को भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के पास ले जाने का आरोप है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि लखनऊ की एक विशेष अदालत ने मामले के मुख्य आरोपी सेंगर को सात दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है।