उपचुनाव: कांग्रेस ने 26 साल बाद जीता है यह सीट

शाहकोट उपचुनाव का नतीजा आ चुका है। विधानसभा तथा नगर निगम चुनाव के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर परचम लहराया है। शाहकोट में हरदेव सिंह लाडी ने जीत हासिल कर अकालियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। 1992 के बाद कांग्रेस ने 26 साल बाद इस सीट को अपने कब्जे में लिया।

नतीजे आने के बाद कांग्रेसियों में खुशी की लहर पाई जा रही है। चुनाव दौरान मुख्य मुकाबला कांग्रेस के हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, अकाली दल के नायब सिंह कोहाड़ और आम आदमी पार्टी के रतन सिंह काकड़कलां के बीच था। अकाली विधायक अजीत सिंह कोहाड़ के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर 28 मई को मतदान हुआ था।

स्मरण रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं शाहकोट से विधायक अजीत सिंह कोहाड़ के निधन के कारण ये सीट खाली हुई है। कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ ने राहुल गांधी को तीन नाम सुझाए थे। इनमें केवल सिंह ढिल्लों, लाल सिंह और हरदेव सिंह लाडी शामिल थे।

कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2017 में लाडी को उम्मीदवार बनाया था। श्री लाडी शाहकोट विधानसभा चुनाव में अकाली दल के अजीत सिंह कोहाड़ के मुकाबले चुनाव मैदान में थे और कम वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे ।