एक सेकंड में होंगी 3 मूवी डाउनलोड!

इस साल मई से भारत में संचार की दुनिया में बड़ी तब्दीली होने जा रही है। मई से आप एक सेंकड में एक-एक GB की तीन फिल्में डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही केबल, डिश और इंटरनेट के तारों से छुटकारा मिलने के भी चांस हैं। यह मुमकिन होगा जीसैट-11 के लॉन्च से। इस सैटलाइट को फ्रांस की स्पेस एजेंसी एरियन लॉन्च करेगी। इसका वजन 5700 किलो है। इसका विकास  इसरो के अहमदाबाद स्थित स्पेस ऐप्लिकेशन सेंटर ने किया है। यह भारत का अब तक का सबसे वजनी सैटलाइट है। इस वजन के सैटलाइट को लॉन्च करने की क्षमता न होने के कारण इसे छोड़ने के लिए इसरो ने एरियन से करार किया है।

इस सैटलाइट की मदद से डेटा भेजे जाने की रफ्तार 14GB प्रति सेकंड हो जाएगी। अभी देश में डाटा का संचार महज कुछ MB प्रति सेकंड की रफ्तार से होता है। इसकी मदद से देश के किसी भी कोने में इंटरनेट का इस्तेमाल करना आसान हो जाएगा। टीवी या इंटरनेट का इस्तेमाल करने के लिए इसके सिग्नल्स को एक डोंगल की मदद से हासिल किया जा सकेगा। जीसैट-11 प्रोग्राम को 2009 में सरकार की ओर से मंजूरी दी गई थी।