कंफेडरेशन कप : रोनाल्डो के गोल से पुर्तगाल ने मेजबान रूस को 1-0 से हराया

मास्को : स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के शानदार गोल की बदौलत पुर्तगाल ने कंफेडरेशन कप टूर्नामेंट में यहां मेजबान रूस को 1-0 से हार झेलने के लिए मजबूर कर दिया। रोनाल्डो ने पहले हाफ के आठवें मिनट में ही हैडर से गोल दाग दिया।

इसके बाद रूस लाख कोशिश के बावजूद इस झटके से नहीं उबर पाया। स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड से खेलने वाले फॉरवर्ड रोनाल्डो का यह 74वां अंतरराष्ट्रीय गोल है। जीत का अंतर और भी ज्यादा हो सकता था, लेकिन अपना 100वां मैच खेल रहे रूस के गोलकीपर इगोर एकिनफीव दीवार बन गए। उन्होंने रोनाल्डो और आंद्रे सिल्वा के किक को शानदार ढंग से रोका।

पुर्तगाल अगर अब शनिवार को न्यूजीलैंड को हरा देता है तो वह सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लेगा। एक अन्य मैच में पेराल्टा और राउल जिमेनेज के गोल की बदौलत मैक्सिको ने न्यूजीलैंड को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गया।