गोवा विधानसभा चुनाव : पहली बार मतदान करने वालों को मिले टेडी बियर, महिलाओं के लिए बनवाए पिंक बूथ

पणजी : चुनाव आयोग ने गोवा विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने और मतदान के लिए महिलाओं को आकर्षित करने के लिए पिंक बूथ बनवाए हैं|  इन चुनिंदा 4० मतदान केंद्रों पर शनिवार को जारी मतदान में पहली बार मतदान करने वाली महिलाओं को गुलाबी रंग के टेडी बियर बांटे गए|

चुनाव आयोग ने कम से कम चालीस पोलिंग बूथ राज्य में महिलाओं के लिए बनवाए हैं|  इन पोलिंग बूथ पर महिला चुनाव कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है|  मतदान केंद्रों को गुलाबी रंग के गुब्बारों, गुलाबी रंग की टेबल चादर, गुलाबी दीवारों से सजाया गया | यहां तक कि पीठसीन अधिकारी भी गुलाबी रंग के परिधान में नजर आए| इसके अलावा पिंक पुलिस स्टेशन भी बनाए गए हैं|

राज्य के मुख्य निवार्चन अधिकारी कुणाल ने बताया कि पहली बार वोट डालने वाली महिलाओं को राज्य में 40 चुनिंदा मतदान केंद्रों पर टेडी बियर बांटे गए |  1,000 से अधिक टेडी बियर बांटने के आदेश निवार्चन अधिकारियों की ओर से दिए गए थे|  शनिवार को राज्य में जारी मतदान के लिए 32,354 योग्य मतदाता पंजीकृत हैं|

महिला वोटरों की संख्या को देखते हुए चुनाव आयोग ने यह फैसला लिया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा सके| गौरतलब है कि गोवा में 5 लाख 62 हजार वोटर हैं। गोवा में पुरुषों से लगभग 20 हजार अधिक महिला मतदाता हैं|