चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामले में विकास बराला की जमानत याचिका फिर खारिज

चंडीगढ़। I A S अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ मामले में आरोपी विकास बराला की जमानत याचिका फिर खारिज हो गई है। इससे पहले 29 अगस्त को भी कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी थी। चंडीगढ़ कोर्ट में करीब डेढ़ घंटा हुई बहस के बाद अदालत ने विकास बराला की जमानत याचिका खारिज कर दी।

उल्लेखनीय है कि 4 और 5 अगस्त 2017 की रात को लगभग 12 बजे चंडीगढ़ में आईएएस अधिकारी वीएस कुंडू की बेटी वर्णिका कुंडू अपनी कार से जा रही थी।

तभी कार सवार दो लड़कों ने उसका पीछा किया। दोनों लड़कों ने वर्णिका की कार के आगे अपनी कार लगाकर उसे रोकने की कोशिश की और कार के शीशे पर हाथ मारे।

लड़की ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों में से एक हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला का बेटा विकास बराला और दूसरा उसका दोस्त आशीष था।