चंडीगढ़ छेड़छाड़: विकास बराला और दोस्त आशीष को कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में आई.ए.एस. अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ मामले में 4 दिन की गंभीर माथापच्ची के बाद पुलिस ने आरोपी विकास बराला अौर उसके दोस्त आशीष को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने बाद पुलिस ने आज दोंनों आरोपियों को चंडीगढ़ कोर्ट में पेश किया जहां कोर्ट ने उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ करेगी और उन्हें क्राइम स्पॉट पर लेजाकर कर भी जांच करेगी। गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ के डीजीपी तेजिंदर लूथरा ने कल ही इसकी जानकारी दे दी थी।

लूथरा ने कहा था कि अगर कोर्ट आरोपियों का रिमांड देगी तो उन्हें घटनास्थल पर भी लेजाया जाएगा और उनसे गहन पूछताछ भी की जाएगी। आरोपियों पर जो धाराएं जोड़ी गई हैं अगर वे उनमें दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें 7 साल तक की सजा हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को चंडीगढ़ पुलिस ने आईएएस अधिकारी की बेटी वर्णिका कुंडू से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया और बीते दिन गिरफ्तार कर लिया।

मामले में दबाव बढ़ने और सीसीटीवी फुटेज को सबूत के रूप में देखने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों पर गैर जमानती धाराएं जोड़ीं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि दोनों आरोपियों पर पुलिस ने पहले हल्की धाराएं लगाईं और उन्हें थाने से ही जमानत भी दे दी।

लेकिन दबाव बढ़ने के बाद चंडीगढ़ के डीजीपी तेजेंद्र लूथरा ने प्रेस कांफ्रेंस की और बताया कि सी.सी.टी.वी. फुटेज में विकास उसका दोस्त आशीष 4-5 अगस्त की रात कार को वर्णिका की कार का पीछा करते दिखाई दिए थे।

लीगल ओपिनियन गवाह के बयान के आधार पर बुधवार को उनके खिलाफ धारा IPC की धारा 365 और 511 जोड़ी गई। उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था और इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।