चीन पर अमेरिका द्वारा लगाया गया आयात शुल्क भारत के लिए सुनहरा मौका : शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अमेरिका द्वारा चीन पर लगाए गए नए आयात शुल्क प्रदेश के लिए सुनहरा मौका हैं। उन्होंने कहा कि यहां पैदावार होने वाली सोयाबीन को चीन में निर्यात किया जा सकता है। बता दें कुछ दिन पहले ही अमेरिका ने चीनी आयातित सामान पर 3400 करोड़ का आयात शुल्क लगाया था। इस व्यापार युद्ध से ना केवल कई कंपनियों को नुकसान हो रहा है बल्कि दोनों देशों में रहने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिवराज ने अमेरिका से आयातित सोयाबीन पर चीन द्वारा आयात शुल्क 25 फीसदी किए जाने का हवाला देते हुए कहा कि चीन में सोयाबीन की पूर्ति नहीं हो पा रही है। भारत को इसका फायदा मिल सकता है। ऐसे समय में भारत का चीन में सोयाबीन आयात करना बिल्कुल सही है। उन्होंने कहा कि चीन में 50 लाख मीट्रिक टन सोयाबीन का उत्पादन होता है जबकि वहां मांग 11 करोड़ 50 लाख मीट्रिक है। वह करीब 10 करोड़ मीट्रिक टन सोयाबीन आयात कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिका से आयातित सोयाबीन पर चीन द्वारा आयात शुल्क लगाने को लेकर बातचीत की है। यह मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के लिए सुनहरा मौका हो सकता है।’ उन्होंने कहा कि ‘मैने वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु से भी इस मामले पर बातचीत की है। सोयाबीन का निर्यात करने से देश और राज्य को लाभ होगा। इससे किसानों को भी बेहतर दाम मिलेगा। साथ ही उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी लाभ मिलेगा।’ उन्होंने सोयाबीन निर्यात के लिए वित्त मंत्री पीयूष गोयल और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी मुलाकात की।