आम आदमी पार्टी के नेता और कवि डॉ कुमार विश्वास अक्सर कवि सम्मेलनों में दुनिया भर की घटनाओं और शख्सियतों पर टिप्पणियां करते ही रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और उनके निकाह को लेकर टिप्पणियां कर रहे हैं। यह वीडियो साल 2011 का है यानि सानिया के निकाह के एक साल बाद का। इसमें कुमार सानिया की निजी जिंदगी पर तंज कर रहे हैं और वहां मौजूद जनता भी उनकी हौंसला अफजाई कर रही हैं और तालियां बजा रही है।
इस वीडियो में कुमार कहते नजर आ रहे हैं, ”पिछले साल हमारे भारत की टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने शादी कर ली, दुश्मन से ऐसे भी बदला लिया जाता है।” इसमें आगे कुमार ने कहा कि लड़कों का दिल इसलिए नहीं टूटा कि सानिया ने शादी कर ली, शादी तो उन्हें करनी ही थीं। दुःख इस बात का है कि उन्होंने जिंदगी भर शोहरत हिंदुस्तान से ली और शौहर पाकिस्तान से लिया। इस वीडियो में कुमार ने सानिया के अलावा अन्य देश की शख्सियतों और उनकी संस्कृतियों का भी खूब मजाक उड़ाया जिस पर वहां स्थित लोगों ने भी खूब ठहाके लगाए।