झारखंड: इबरान खान नामक विचाराधीन कैदी की मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर इल्ज़ाम

गुमला। झारखंड के गुमला जेल में 13 फरवरी से बंद विचाराधीन कैदी 21 साल के इबरान खान की सोमवार की देर शाम को मौत हो गयी। इससे गुमला का माहौल गरम हो गया है। परिजनों का आरोप है कि जेल के अधिकारियों ने कैदी को पीटा है। उसे जहर भी दिया गया है। पीठ पर पिटाई के गंभीर निशान हैं। मुंह से खून निकल रहा है। शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान हैं।

इबरान की मौत से गुस्साये लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस कर्मियों की पिटाई भी की। जेलर शर्मा जी ने अस्पताल से भागकर जान बचायी। इबरान की मौत की सूचना पर जेल में बंद 700 कैदी भूख हड़ताल पर बैठ गये हैं।

घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट नियुक्त कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया है। बताया जा रहा है कि इबरान को अवैध लकड़ी की गाड़ी के साथ सिसई पुलिस ने 13 फरवरी को गिरफ्तार किया था।