झारखंड: गोहत्या के शक में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, 3 घायल

रांची: झारखंड के गुमला जिले में मोब लिंचिंग का मामला सामने आया है।खबर के मुताबिक भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने जानकारी दी कि यह घटना बुधवार देर रात की है, जब झुमरो गांव में आदिवासी समुदाय के चार व्यक्ति एक मृत बैल का मांस काट रहे थे।

गौरतलब  है कि बुधवार की रात लगभग आठ बजे प्रतिबंधित पशु को काटकर उसका मांस निकालने को लेकर जैरागी और जुरमू गांव के लोगों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।

वहीँ ग्रामीणों ने बताया कि जैरागी गांव के पंच जखारियुस कुजूर का मवेशी नदी के दोमुहान श्मशान घाट पर पानी पी रहा था। इसी दौरान गर्मी अधिक होने के कारण अचानक वह मर गया। इस पर वे लोग उसे घाट पर ले गए। वहां से उसका मांस गांव ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच छत्तीसगढ़ सीमा में स्थित करौंदा बाजार से लौट रहे कुछ लोगों ने जैरागी के ग्रामीणों को इसकी सूचना दे दी।

इसके बाद जैरागी से 8-10 हथियारबंद लोग मौके पर पहुंच गए। उन लोगों यह बोलते हुए कि तुम लोग गंदा काम कर रहे हो, यह बर्दाश्त के काबिल नहीं है, जुरमू के ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस पर जुरमू के ग्रामीण अपने-अपने घरों की ओर भागे, लेकिन प्रकाश, पीटर, जनेरियुस और वेलासियुस हमलावरों से घिर गए।

जैरागी के ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव का एक प्रतिबंधित पशु खो गया था। खोजने पर वह नदी पर स्थित छठ घाट के पास मिला। जिसे लाने के लिए पशु के मालिक बेटे समेत वहां गए लेकिन जुरमू के ग्रामीणों ने जबरन पशु को छीन लिया। जब गांव में यह सूचना आई तो वे लोग पशुपालक को बचाने के लिए वहां गए। इसी दौरान दोनों पक्षों में हुए टकराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अब जुरमू के ग्रामीण उसकी हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।

तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए डीआइजी एवी होमकर भी गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी के साथ जैरागी और जुरमू गांवों का दौरा किया। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई। दोषियों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। डीआइजी ने बताया कि गुमला के एसपी ने सच्चाई सामने लाने के लिए अपने नेतृत्व में एसआइटी गठित की है। एसआइटी में चैनपुर के एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी, डुमरी और जारी के थाना प्रभारी शामिल हैं। चैनपुर के एसडीओ सत्यप्रकाश ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।