तेलंगाना: रेप और मर्डर के मामले में एक शख्स गिरफ्तार!

दो नाबालिग लड़कियों के अवशेषों को बरामद करने के कुछ दिन बाद मंगलवार को पुलिस ने 28 वर्षीय एक शख्स को गिरफ्तार किया जिसने इनसे और एक अन्य लड़की से दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या कर शव को तेलंगाना के एक गांव में परित्यक्त सिंचाई कूपों में दफना दिया था।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, पुलिस ने कहा कि यादाद्री भुवनागिरी जिले के हाजीपुर गांव के रहने वाले एम श्रीनिवास रेड्डी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि लिफ्ट मरम्मत का काम करने वाले रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में भी 2016 में एक लड़की की कथित तौर पर हत्या की थी।

इस मामले में उसे एक साल बाद चार अन्य के साथ गिरफ्तार किया गया था। रेड्डी इस मामले में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने कहा कि सीरियल किलर अविवाहित है और वह नशे का आदी है। पुलिस के अनुसार वह अक्सर अपने मोबाइल फोन पर अश्लील फिल्में देखता था।

हाजीपुर में हत्याओं में उसकी भूमिका तब सामने आई जब 14 वर्षीय एक लड़की की तलाश में पुलिस ने बीते शुक्रवार को उसके कुएं से शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो सच सामने आया।

राचाकोंडा के पुलिस आयुक्त महेश एम भागवत ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपी ने 25 अप्रैल को लड़की को तब लिफ्ट दी जब वह स्कूल से लौट रही थी । वह उसे लेकर खेत में बने कुएं पर पहुंचा और वहां उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने लड़की की हत्या कर शव वहीं दफना दिया।