नोटबंदी पर मोदी सरकार का सर्वे ‘फेक’, मूर्खों की दुनिया में जीना बंद करें: शत्रुध्न सिन्हा

फिल्म अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी के सांसद शत्रुध्न सिन्हा ने नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। अपनी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने ट्वीट किया है कि मूर्खों की दुनिया में जीना बंद करें। लोगों को तकलीफ हो रही है उसको समझें। बुरे वक्त के लिए जमा की गई हमारी मां-बहनों की गाढ़ी कमाई को कालेधन से जोड़ना ठीक नहीं।

https://twitter.com/ShatruganSinha/status/801533882570936320?ref_src=twsrc%5Etfw

शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री द्वारा कराए गए नोटबंदी पर सर्वे को ‘प्लांटेड’ बताया है। उन्होंने लिखा है कि ये मनगढ़ंत कहानियां और सर्वे निहित स्वार्थों के लिए किया गया है। एक और ट्वीट में उन्होंने कहा है कि इस मुद्दे की गहराई में जाएं। गरीबों और शुभचिंतकों, मतदाताओं, समर्थकों और महिलाओं के तकलीफ़ को समझना चाहिए।

https://twitter.com/ShatruganSinha/status/801535860680183808

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो ऐप के जरिए नोटंबदी पर लोगों का फीडबैक मांगा था। इसके लिए 10 सवालों को लोगों के सामने रखा गया था। 24 घंटे में ऐप सर्वे में तकरीबन पांच लाख लोगों ने भाग लिया। इस सर्वे रिपोर्ट को प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को ट्विटर किया था।

https://twitter.com/narendramodi/status/801412548721446912/photo/1?ref_src=twsrc%5Etfw

प्रधानमंत्री के रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, इस सर्वे में 90 फीसदी से अधिक लोगों ने कालाधन को लेकर उठाए गए सरकार के इस फैसले को 5 में से 4 स्टार से अधिक का रेटिंग दिया है। इसमें कहा गया है कि 73 फीसदी लोगों ने 5 स्टार रेटिंग दिया। 57 फीसदी लोगों ने इस फैसले को बहुत अच्छा बताया है। 93 फीसदी से अधिक लोगों ने नोटबंदी का समर्थन किया है। वहीं 5 लाख लोगों में से सिर्फ 2 फीसदी लोगों ने इस फैसले को बेहद खराब बताया है।