पश्चिम बंगाल: गवर्नर हाउस भाजपा का पार्टी दफ्तर नहीं हो सकता है- TMC

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के एन त्रिपाठी पर हमला बोलते हुए उन पर सभी संवैधानिक सीमाओं को लांघने का आरोप लगाया और उन्हें याद दिलाया कि राजभवन भाजपा का पार्टी कार्यालय नहीं हो सकता है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने त्रिपाठी पर उन्हें धमकाने और भाजपा के ब्लॉक अध्यक्ष की तरह काम करने का आरोप लगाया था जिसके एक दिन बाद पार्टी ने राज्यपाल की आलोचना की है। पार्टी सुप्रीमो ने कहा था कि उन्होंने इस अपमान के चलते पद छोड़ने के बारे में भी सोचा था।

संवाददाताओं से बातचीत में टीएमसी महासचिव पार्थ चटर्जी ने आरोप लगाया, राज्यपाल ने संवैधानिक रेखा पार कर ली है। जिस तरीके से उन्होंने कल मुख्यमंत्री से बात की, उससे लगता है कि वह भूल गए हैं कि यह उत्तर प्रदेश नहीं है।