पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से गठबंधन बड़ी गलती- सीताराम येचुरी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ गंठबंधन को माकपा ने बड़ी चूक माना है। माकपा की सेंट्रल कमेटी की बैठक के बाद पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा है कि बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ समझौता हमारे लिए बड़ी भूल थी। येचुरी ने कहा कि बंगाल में कांग्रेस के साथ हुआ समझौता पार्टी की सेंट्रल कमेटी के रुख के खिलाफ था। इस फैसले को राज्य के नेताओं के साथ बैठक के बाद सुधारा जायेगा।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बड़ा मतभेद पैदा हो गया। पार्टी ने एक वरिष्ठ सदस्य को निष्कासित कर दिया गया और 101 सदस्यीय निर्णय करने वाले निकाय ने कहा कि कांग्रेस के साथ गंठबंधन का कदम पार्टी की राजनीतिक लाइन के अनुरूप नहीं था। पार्टी ने केंद्रीय समिति की सदस्य और एआइडीडब्ल्यूए महासचिव जगमति सांगवान को ‘घोर अनुशासनहीनता’ के लिए निष्कासित कर दिया। सांगवान ने दावा किया कि वह गंठबंधन के विरोधियों में से एक थीं।