UP: पांच नाबालिकों से रेप, तीन की बेरहमी से हत्या!

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लोगों की सुरक्षा के चाहे लाख दावे कर ले, लेकिन योगीराज में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। योगीराज में लोग बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं। यूपी में आए दिन लूट,रेप और हत्या की वारदातें सामने आती रहती हैं।

जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के कठुआ और उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई वारदात को लेकर देश में आए उबाल के बीच यूपी में 5 नाबालिगों के साथ दुष्कर्म की वारदातें सामने आई हैं। इनमें से 3 बच्चियों की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई।

उत्तर प्रदेश के इटावा में शौच के लिए घर से निकली 2 सगी नाबालिग बहनों के शव मंगलवार सुबह खेत में पाए गए। दोनों की दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। बसरेहर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम को 2 सगी बहनें शौच के लिए निकली थीं।

वापस घर न पहुंचने पर ग्रामीणों ने सोचा कि दोनों पड़ोस में चल रहे लग्नोत्सव कार्यक्रम में चली गई होंगी। जब देर रात तक वापस न आईं तो दोनों की तलाश शुरू की गई। बाद में दूर खेत में दोनों बहनों के शव पाए गए।

वहीं एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक विवाह समारोह में शामिल होने आई 7 साल की बच्ची की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जयमाला कार्यक्रम के दौरान जब सभी व्यस्त थे तब लड़की अचानक गायब हो गई। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम किया।

उत्तर प्रदेश के गंगोह में परिजनों की गैर-मौजूदगी में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे घर में घुसकर अकेली नाबालिगा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करने और अश्लील फोटो खींचने के आरोपी 2 युवकों को मोहल्लावासियों ने रंगे-हाथों धर दबोचा।

नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र में एक युवती को 2 लोग अपनी कार में जबरन बैठाकर ले गए और एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया।

बिहार के वैशाली जिले में महनार थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर चंदेल में गांव के ही 2 लोगों ने 5 साल की बच्ची को किडनैप कर गैंगरेप किया। बच्ची को गंभीर हालत में हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में भी 6 साल की एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया गया।

वहीं उन्नाव में दुष्कर्म और हत्या के मामले में भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर समेत अन्य आरोपियों पर सी.बी.आई. का शिकंजा तेजी से कसता जा रहा है।

सी.बी.आई. अधिकारियों को पीड़िता को विधायक से मिलवाने लेकर गई शशि सिंह से अहम जानकारी हासिल हुई है। सी.बी.आई. विधायक का नार्को टैस्ट भी करवा सकती है।

साभार- पंजाब केसरी