बोको हरम के चंगुल से हुई आज़ाद हुई 200 लडकियां और 93 ख्वातीन

आबुजा: नाइजीरियाई फौज और बोको हरम में मुसलसल जंग जारी है। फौज ने मंगल के रोज़ दहशतगर्द ग्रुप बोको हरम के चंगुल से 200 लडकियों और 93 ख्वातीन को छुडाया है। फौज ने बताया कि एक बडी फौजी कार्रवाई में दहशतगर्द ग्रुप के खिलाफ जीत हासिल की है।

बोको हराम नाइजीरिया में इस्लामी इक्तेदार कायम करना चाहता है। यह लडकियों को स्कूल भेजे जाने और नाइजीरिया में मगरिबी तालीम के खिलाफ है। फौज ने साफ किया है कि रिहा कराई गई ये लडकियां बीते साल अप्रैल में चिबुक से किडनैप की गई स्कूली तालिबात नहीं है।

फौजी तर्जुमान मेजर जनरल क्रिस आलूकोलादे ने कहा है कि बचाई गई लडकियों और ख़्वातीन की जांच की जा रही है। उनमें से किसी ने भी अपने खानदानों के बारे में इत्तेला नहीं दी है। कार्रवाई में दहशतगर्द के तीन कैम्प को भी तबाह कर दिया गया है।

इसमें कितने दहशतगर्द मारे गए, इसके बारे में फौज ने कुछ नहीं बताया है। बोको हराम ने गुजश्ता साल अप्रैल में नाइजीरिया के बोर्नो सूबे के चिबुक से 250 से ज्यादा स्कूली लडकियों को अगवा कर लिया था। इसके बाद सोशल साइट्स पर लडकियों को छुडाने की मुहिम छेडा गया।