भाजपा और संघ के खिलाफ खूनी संघर्ष वामपंथियों को उनके अंत तक ले जाएगा : अमित शाह

नई दिल्ली : कनॉट प्लेस में आयोजित जन रक्षा यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस पूरे देश से सिमट गई है। उसी तरह से केरल, त्रिपुरा और बंगाल में नफरत की राजनीति करने वाले वामपंथ का अंत निश्चित है।

शाह ने कहा भाजपा और संघ के खिलाफ खूनी संघर्ष वामपंथियों को उनके अंत तक ले जाएगा। उन्होंने लोकतांत्रिक आंदोलन के माध्यम से वामपंथियों को उनके कार्यालयों से बाहर नहीं निकलने देने की चेतावनी भी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में वामपंथी सरकार की सोची-समझी साजिश से राजनीतिक हत्याएं हो रही हैं।

केरल के मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में होने वाली हत्याओं के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से सरकार की संलिप्तता उजागर होती है। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में जबसे केरल में वामपंथी सरकार आई है, तबसे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 12 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। शाह ने कहा, यह हत्याएं बेहद नृशंस तरीके से की गई हैं, शवों को टुकड़ों में काटा गया है। यह भाजपा का समर्थन करने वाले लोगों को धमकाने के लिए किया गया है कि उनके साथ भी ऐसा ही किया जाएगा। लेकिन वह हत्या का जितना गंदा खेल खेलेंगे, कमल उतना ही बेहतर खिलेगा। उन्होंने मानवाधिकारवादियों पर भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।