भाजपा ने स्वाति सिंह को दिया ईनाम, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष का मिला पद

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने महिला दलित नेता और बसपा सुप्रीमों मायावती के बारे में अपशब्द कहने पर पार्टी से निकाले गए दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति सिंह को पुरस्कृत किया है। वह भाजपा महिला मोर्चा की
प्रदेश अध्यक्ष बनाई गई हैं। उन्होंने यह ईनाम पति के भाजपा से निकाले जाने के बाद मायावती के खिलाफ मोर्चा खोलने के अवज़ में मिला है। हैदर अब्बास चाँद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।
पति को पार्टी से निकाले जाने और कुछ बसपा नेताओं द्वारा उनकी नाबालिग पुत्री के बारे में आपत्तिजनक बातें कहने के विरोध में स्वाति सिंह बसपा मुखिया के खिलाफ निरंतर मोर्चा खोले हुई थीं। विशेष कर इस मसले पर दोनों पति पत्नी बसपा के विरुद्ध राजपूतों को गोलबंद करने में लगे थे। स्वाति सिंह ने मायावती को विधानसभा की किसी भी सामान्य सीट से उनके मुकाबले चुनाव लड़ने की भी चुनौती दी थी। उनके द्वारा मायावती को घेरने का बीजेपी ने दयाशंकर सिंह की पत्‍नी स्‍वाति सिंह को ईनाम दिया है। उन्हें प्रदेश महिला मोर्चा का अध्‍यक्ष बनाया है। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि इनके आलावा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद कौशल किशोर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद छोटे लाल खरवार, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद बनाए गए हैं।