भाजपा से मिले हुए हैं पार्टी तोड़ने वाले: मुलायम सिंह

लखनऊ। समाजवादी पार्टी में लगातार जारी खींचतान के बीच सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने आज लखनऊ में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। मुलायम ने कार्यकर्ताओं के सामने समाजवादी पार्टी के संघर्ष को भी बयान किया। आज फिर उन्होंने बिना नाम लिए राम गोपाल यादव पर तीखा हमला बोला और उन पर भाजपा नेताओं से मिले होने का आरोप लगाया।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

मुलायम ने कहा कि हम पार्टी को नहीं टूटने देंगे। हम सबने तकलीफें झेली हैं। हमने 1975 में आपातकाल देखी है तब पार्टी बनी है। सपा विवादों से बनी है। मुझे आप लोगों का एहसास है, सब ने लाठी खाई है। पार्टी के गठबंधन में कोई बाधा न डाल पाए। मैंने पूरा समय पार्टी को एक करने में लगाया है।

मुलायम ने कहा कि अब मेरे पास क्या बचा है? अब मेरे पास संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता हैं और आप कर रहे हैं। हमने लगातार संघर्ष किया है और इसी से सपा बनी है। मुलायम ने राम गोपाल पर निशाना साधते हुए कहा, कि देखिए पार्टी को तोड़ने में कौन लगा हुआ है? जो पार्टी तोड़ने में लगे हैं वे भाजपा के नेताओं से मिलने में लगे हैं। दूसरी पार्टी के नेताओं से मिल रहे हैं, अगर उनके परिवार के लोग किसी मामले में फंसे हैं तो हमसे कहा होता। हम उन्हें छुड़ाते।

मुलायम ने कहा कि अब मेरे पास क्या है? जो था सब दे दिया। अब मेरे पास आप लोग हैं। हम यहाँ हैं और नेता बने हैं, जो हैं हमारे हैं, वे हमारे साथ हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारे पास हैं। अगर वे अखिल भारतीय समाजवादी पार्टी और नया निशान बाइक लाना चाहते हैं तो जाएं अपनी नई पार्टी बनायें। लेकिन पार्टी नहीं टूटेगी और न पार्टी का निशान बदलेगा और न ही नाम।