भारत में बर्ड- फ्लू ने दिया दस्तक, सभी राज्यों को अलर्ट जारी

नई दिल्ली। स्वाइन-फ्लू के भयानक कहर के बाद अब बर्ड-फ्लू के वायरस दुनिया में सिरदर्द बन गए हैं। चीन में पक्षियों में एवियन इनफ्लुएंजा फैलने के बाद हिंदुस्तान में भी केन्द्र सरकार ने सभी राज्यों को अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही सेन्ट्रल जू ऑथीरिटी से सभी जंतुआलय और चिडिय़ाघरों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके मद्देनजर जयपुर में वन्य जीवों और पक्षियों को फ्लू से बचाने के उपाय शुरू कर दिए हैं।

पशुपालन विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट में बताया गया कि चीन में एवियन ïफ्लू का प्रकोप खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका हैै। इसके भारत में फैलने की आशंका बनी हुई है। इसको देखते हुए सभी राज्यों को एक्शन प्लान बनाने की हिदायत दी गई है। उधर, वन्य जीव और पक्षियों को इस फ्लूसे बचाने के लिए वन विभाग जुट गया है। सेन्ट्रल जू ऑथीरिटी के सदस्य सचिव डॉ. डी.एन.सिंह ने सभी राज्यों के वन विभाग और चिडिय़ाघर प्रबंधन को पत्र लिखा है।

इसमें उन्होंने हिदायत दी है कि किसी भी वन्य जीव या पक्षी में एवियन फ्लू के लक्षण दिखते हैं या किसी की मृत्यु होती है तो इसकी तत्काल मॉनीटरिंग की जाए। संदिग्ध पक्षी और वन्य जीव का इलाज के साथ उनके रक्त नमूने लेकर भोपाल स्थित इंस्टीट्यूट फॉर हायर सिक्यूरिटी एनिमल डिजीज (एनएचएसएडी) को भेजे जाए।