भोपाल में दिनदहाड़े भाजपा महिला मोर्चा की नेता को गोली मारकर हत्या

भोपाल: भाजपा महिला मोर्चा की नेता जमीला बी का बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। गौतम नगर इलाके में रहने वाली जमीला बी को गोली लगने बाद बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया। हनुमानगंज पुलिस के मुताबिक जमीला बी गौतम नगर इलाके में स्थित इंद्रा नगर झुग्गी में रहती थीं।

वारदात के वक़्त उनका इकलौता बेटा अमन घर में सो रहा था। गोली की आवाज से उसकी नींद खुली तो अपनी मां को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। वह उन्हें लेकर हमीदिया अस्पताल गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पीठ में गोली मारी गई थी।

थाना प्रभारी मुख्तार कुरैशी ने बताया कि जमीला बी के बाएं कंधे के नीचे कपड़े में एक छेद नजर आया। पर हैरानी बात यह थी कि उनके शरीर से खून नहीं निकला था। एक्स-रे करवाया गया तो गोली नजर आई। पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने उनके शरीर से 312 बोर की गोली निकाली है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने इलाके के कुछ बदमाशों पर हत्या में शामिल होने का शक जताया है। इस आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

जमीला के पति रहमान मीसा बंदी रहे हैं। वे घटना के समय घर पर नहीं थे। वह पेंशन निकालने बैंक गए थे। रहमान के मुताबिक, दो दिन पहले उनकी पत्नी जमीला का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उसके बाद कुछ लोगों खिलाफ उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। फिलहाल पुलिस उन युवकों की तलाश में जुटी है।