महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में नक्सलियों का हमला, 12 जवान घायल

गढ़चिरौली। एक बार फिर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों को लेकर जा रहे बारूदी सुरंग रोधी वाहन पर नक्सलवादियों ने हमला कर दिया है। हमले में कई जवानों के घायल होने की खबर है। तीन जवानों को इलाज के लिए रायपुर लाया गया है।

इस हमले में 12 सुरक्षाबल घायल हो गए हैं। हमला गढ़चिरौली के भामरागढ़ के पास बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सली हमला हुआ था जिसमें हमारे 25 जवान शहीद हो गए थे। हमले में घायल तीन जवानों को एयरलिफ्ट करके रायपुर इलाज के लिए लाया गया है।

इस हमले के बारे में अभी और जानकारी का इंतजार है। गढ़चिरौली नक्सल प्रभावित इलाका है। यहां जवानों-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबरें आती रही हैं।