मिस्र की अदालत ने दो हजार से ज्यादा लोगों को मौत की सजा सुनाई!

मिस्र की अदालतों ने 2,159 लोगों को मौत की सज़ा सुनाई है। फ्रांस की एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, मिस्र के मानवाधिकार संगठनों ने सूचना दी है कि वर्ष 2014 से 2018 के बीच मिस्र की विभिन्न अदालतों ने इस देश के 2 हज़ार 159 लोगों को मौत की सज़ा दी है।

समाचार एजेंसी के अनुसार मिस्र के मानवाधिकार संगठनों ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि वर्ष 2017 में 92 लोगों को मृत्युदंड दिया गया है जबकि वर्ष 2018-19 में 15 लोगों को अबतक मौत की सज़ा दी जा चुकी है।

पार्स टुडे डॉट कॉम पर छपी जानकारी के अनुसार इस समय मिस्र की जेलों में क़ैद सैकड़ों लोग अपनी मौत की सज़ा का इंतेज़ार कर रहे हैं। जेलों में क़ैद बंदियों के परिजनों का कहना है कि आतंकी कार्यवाहियों में संलिप्तता का आरोप लगाकर उनके घर के सदस्यों को जेल के भीतर भयानक यातनाएं दी जा रही है।

इस बीच मौत की सज़ा पाने वाले कुछ क़ैदियों के परिजनों का कहना है कि जिन लोगों को मौत की सज़ा सुनाई गई है उनको इस देश की सुरक्षा एजेंसी ने जेल में गंभीर यातनाएं देकर उन आरोपों को स्वीकार करने पर मजबूर किया है जिसको उन्होंने अंजाम ही नहीं दिया है।

उल्लेखनीय है कि इस समय मिस्र की जेलों में हज़ारों की संख्या में मुस्लिम ब्रदरहुड के सदस्य क़ैद हैं। इनमें से अधिकतर लोगों को मिस्र की अदालत मौत की सज़ा सुना चुकी है।