मॉब लिंचिंग से नहीं हुई थी अकबर की मौत: आईजी

राजस्थान में अलवर के अकबर उर्फ रकबर खान  की भीड़ हत्या मामले को जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने अकबर की हत्या को मॉब लिंचिंग नहीं माना है। वी.के. सिंह ने कहा कि वे नहीं मानते कि अकबर की मौत मॉब लिंचिंग में हुई है।

वी.के. सिंह अलवर में कानून व्यवस्था और अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेने अलवर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अकबर खान की मौत के मामले को वे खुद लिंचिंग नहीं मानते हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर शीघ्र कोर्ट में ट्रायल शुरू करने का आश्वासन दिया है।

गौरतलब है कि इस मामले की न्यायिक जांच भी हो रही है। गौरतलब है कि अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र में 20 व 21 जुलाई की मध्य रात्रि को जंगल के रास्ते दो गाय ले जाते अकबर को ग्रामीणों ने पकड़ा था और उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया था। इसके बाद अकबर की मौत हो गई थी।