यमुना एक्सप्रेस-वे पर भयंकर हादसा, प्राइवेट बस पलटी, चार की मौत

दिल्ली से आगरा की ओर आ रही प्राइवेट बस यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही करीब 25 सवारियां गंभीर घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया है।
दिल्ली की ओर से आगरा की ओर यमुना एक्सप्रेसवे से होकर जा रही प्राइवेट डबलडेकर बस रात करीब 12 बजे बलदेव क्षेत्र के गांव गढ़सौली के पास पहुंची। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटने से इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 25 लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को आगरा के यशवंत हॉस्पिटल उपचार को भेजते हुए सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम को भेजे। देर रात तक मौके पर पुलिस बस को यहां से हटाकर यातायात दुरूस्त कराने में जुटी थी।