यूरोपियन यूनियन भारत में स्कूली शिक्षा में सुधार के लिए 25 मिलियन यूरो दिया

नई दिल्ली : भारत में स्कूली शिक्षा में सुधार के लिए यूरोपियन यूनियन ने 25 मिलियन यूरो देने का फैसला किया है। यह धनराशि भारत में चल रही सर्व शिक्षा अभियान और राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान जैसी स्कीमों को सहायता के रूप में प्रदान की जाएगी।

गौरतलब है कि यूरोपियन यूनियन ने भारत की एजुकेशनल स्कीमों को मदद करने के लिए कुल 80 मिलियन यूरो की मदद देने का फैसला किया था। यह 25 मिलियन यूरो की रकम इस सहायता की अंतिम किश्त है। एक आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया है, ‘यूरोपियन यूनियन ने स्कूली शिक्षा के लिए 520 मिलियन यूरो (लगभग 3,700 करोड़ रुपये) की मदद की है जिसमें से भारत को दी जाने वाली मदद इस किश्त के साथ खत्म हो जाएगी।’

भारत में यूरोपियन यूनियन के ऐंबैसडर टॉमज़ कुजलॉस्की ने बताया कि यूरोपियन यूनियन भारत में स्कूली शिक्षा के विकास में भारत सरकार को सहयोग देने वाली पहली एजेंसी थी। 1994 में शुरू किए गए डिस्ट्रिक्ट प्राइमरी एजुकेशन प्रोग्राम के जरिए यूरोपियन यूनियन ने 155 जिलों में मदद की थी।