राम रहीम के खिलाफ हत्यायों के मामले में आज होगी सुनवाई, दोषी पाए जाने पर हो सकती है उम्रकैद या सजा-ए-मौत

हरियाणा: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ आज दो हत्याओं के मामले में सुनवाई होने वाली है। जिसके चलते पंचकूला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अर्द्धसैनिक बलों और हरियाणा पुलिस को तैनात कर दिया गया है।

हालांकि राम रहीम इस वक़्त रोहतक जेल में साध्वी रेप मामले में 20 साल की सजा पाने के बाद रोहतक जेल में बंद है। जिसके चलते वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आज रोहतक जेल से सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश होगा।

सीबीआई कोर्ट पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और पूर्व डेरा प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या मामले की सुनवाई कर रही है। अगर इन दोनों मामलों में राम रहीम को दोषी पाया गया तो उसे उम्रकैद या सजा-ए-मौत की सजा दी जा सकती है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने बताया कि इन मामलों की सुनवाई से पहले सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर दिए गए हैं। राम रहीम रोहतक जेल में बंद है। लिहाजा उसके खिलाफ सुनवाई जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी।

गौरतलब है कि 24 अक्तूबर 2002 को सिरसा के सांध्य दैनिक ‘पूरा सच’ के संपादक रामचन्द्र छत्रपति को उनके घर के बाहर गोलियों से छलनी कर दिया गया था। उनके अखबार ‘पूरा सच’ ने एक गुमनाम पत्र छापा था, जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में साध्वियों का यौन उत्पीड़न का खुलासा हुआ था।

10 जुलाई 2002 को डेरा प्रबंध समिति के सदस्य रणजीत सिंह की हत्या की गई थी। उसे इस शक के आधार पर मारा गया था कि उसी ने साध्वी के पत्र को तत्कालीन प्रधानमंत्री तक पहुंचाया था। जिसके बाद पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने नवंबर 2003 में सीबीआई जांच के आदेश दिए थे।