राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा के लिए ममता बनर्जी दिल्ली रवाना, सोनिया गांधी से करेंगी मुलाकात

कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगी। सोमवार को राजभवन में राज्य मंत्रिमंडल के नये सदस्य के रूप में चंद्रिमा भट्टाचार्य व उज्जवल विश्वास शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के साथ मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगी। शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शाम की उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

दिल्ली पहुंच कर मुख्यमंत्री रात के वक्त अपनी पार्टी के सांसदों व वरिष्ठ नेताआें के साथ बैठक करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 मई को सुश्री बनर्जी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भेंट करेंगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति चुनाव को माध्यम बना कर कांग्रेस अध्यक्ष गैर-भाजपा विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रही हैं। ममता बनर्जी के साथ उनकी यह बैठक उनकी उसी रणनीति का एक हिस्सा है।

ममता-सोनिया के बीच होनेवाली इस बैठक में भाजपा को रोकने के मुद्दे पर विचार विमर्श होगा। अपने इस सफर के दौरान सुश्री बनर्जी विपक्ष के कुछ आैर बड़े नेताआें से भी मिल सकती हैं। उनके राष्ट्रपति से मिलने की भी संभावना है। पर राष्ट्रपति भवन ने इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा है।