लोकसभा चुनाव 2019 : आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 6 सीटों पर किया उम्मीदवारों के नाम का ऐलान

लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Polls 2019) के लिए आम आदमी पार्टी (आप) (Aam Aadmi Party) के संयोजक गोपाल राय (Gopal Rai) ने दिल्ली की सात में से छह सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। गोपाल राय और आम आदमी पार्टी ने आज ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, आतिशी मार्लेना को पूर्वी दिल्ली से चुनाव मैदान में उतारा गया है, जबकि गुग्गन सिंह उत्तर पश्चिमी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे।

वहीं, ‘आप’ की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य राघव चड्ढा दक्षिण दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पंकज गुप्ता चांदनी चौक सीट से चुनाव लड़ेंगे। दिलीप पांडे उत्तर-पूर्वी दिल्ली और बृजेश गोयल नई दिल्ली सीटों से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, पार्टी ने अभी यह तय नहीं किया है कि पश्चिम दिल्ली सीट से कौन चुनाव लड़ेगा।

उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करने के बाद गोपाल राय ने ट्वीट कर कहा, ”भाजपा के सातों सांसदों ने पूर्णराज्य के मुद्दे पर दिल्ली को धोखा दिया, वही राग आज कांग्रेस अलाप रही है। जैसे विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने भाजपा कांग्रेस को शिकस्त दी थी, उसी तरह दिल्ली की जनता लोक सभा चुनाव में भाजपा कांग्रेस को हरा @AamAadmiParty के सभी सांसद जिताएगी।”